संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर मांग-पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद अश्विनी निषाद, शंकरदेव एवं राजा पवार शामिल रहे।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगरी नगर पंचायत की आबादी लगभग 20 हजार तक पहुंच चुकी है। भौगोलिक दृष्टि से नगरी धमतरी, कांकेर एवं गरियाबंद जिला मुख्यालयों तथा ओडिशा सीमा के मध्य स्थित एक महत्वपूर्ण नगर है। क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या एवं भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने से आधुनिक बस स्टैंड, खेल मैदान, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़क विकास सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया।नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में नगरी के विकास को नई गति मिलेगी और नगर के सर्वांगीण विकास का नया अध्याय प्रारंभ होगा।



