मनेन्द्रगढ़ के पत्रकार सतीश गुप्ता सहित छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों को मिला सम्मान, शिक्षा और सामाजिक एकता का दिया संदेश
मनेन्द्रगढ़/दमोह- रानी दमयंती की पावन नगरी दमोह में अखिल भारतीय असाटी महासभा के तत्वावधान तथा असाटी समाज समिति दमोह के संयोजन में आयोजित 11वें अखिल भारतीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक एकता को समर्पित इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में समाजबंधु, मातृशक्ति, युवा एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, आईआईटी, नीट तथा अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’ तथा समाज के पत्रकारों को भी सम्मानित कर शिक्षा और सामाजिक सेवा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ से पूर्व राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष सतीश गुप्ता, शिक्षा समिति के सह संयोजक मनीष गुप्ता, महिला समिति अध्यक्ष श्रीमती प्रेमलता गुप्ता, श्रीमती अंजना गुप्ता एवं श्रीमती अनामिका गुप्ता ने सहभागिता की। समाज के पत्रकार के रूप में सतीश गुप्ता को मंच पर सम्मानित किया गया। वहीं लकी ड्रॉ की विजेता के रूप में श्रीमती प्रेमलता गुप्ता को सम्मान मिला तथा शिक्षा समिति के सह संयोजक मनीष गुप्ता को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज असाटी (जीएम, एनएचएआई, नई दिल्ली) रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. पंकज असाटी (जबलपुर), डॉ. माधुरी (इंदौर), डॉ. चंपालाल फुटेरा, सुनील असाटी ‘मंचू’, सौरभ गोविंददास असाटी, डॉ. भरत असाटी, दिलीप असाटी, सतीश नायक, शिवम असाटी, अभिषेक असाटी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग के मंत्री लखन पटेल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा, मुख्य संरक्षक वीरेंद्र असाटी, डॉ. रमेश असाटी, अशोक गुप्ता, इंजीनियर रमेश असाटी सहित अनेक समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय असाटी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय असाटी ने की। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रतिभाएं हैं और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने संगठनात्मक एकता और सामाजिक सहभागिता को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह का संचालन डॉ. संजय असाटी (पुणे), श्रीमती कंचन सत्यप्रकाश असाटी तथा राष्ट्रीय महामंत्री महेश असाटी ने संयुक्त रूप से किया। श्रीमती विद्या राजेन्द्र असाटी ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक संतोष असाटी ‘दादा 90’ द्वारा आयोजित भव्य लकी ड्रॉ आकर्षण का केंद्र रहा। प्रथम पुरस्कार के रूप में रेफ्रिजरेटर श्रीमती नंदा मुकेश असाटी (दमोह) को प्रदान किया गया।
शिक्षा, संस्कार, संगठन और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला यह राष्ट्रीय आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ। आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय असाटी समाज समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र असाटी, कार्यक्रम संयोजक डॉ. बृजेन्द्र असाटी तथा समाज के सभी सहयोगियों को दिया, जिनके सामूहिक प्रयासों से समारोह अनुशासित, भव्य और अविस्मरणीय बन सका।



