Home छत्तीसगढ़ नवचेतना कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने देखा आंगनवाड़ी और बाल मेले का...

नवचेतना कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने देखा आंगनवाड़ी और बाल मेले का नवाचार

0

कांकेर : महिला एवं बाल विकास विभाग के भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल परियोजना की सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों ने कांकेर में संचालित नवचेतना कार्यक्रम का इमर्शन विजिट किया। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने माता समूहों, आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल मेले का अवलोकन कर प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास (0–3 वर्ष) के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। भ्रमण की शुरुआत ग्राम बगोडार के नन्ही कली माता समूह से हुई। यहां माताओं के साथ आइडिया वीडियो, साप्ताहिक गतिविधियों तथा बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भाषा एवं सामाजिक-भावनात्मक विकास पर चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का निरीक्षण कर माता समूहों की सक्रियता, बच्चों में आए सकारात्मक बदलाव तथा कार्यक्रम के प्रभाव का अवलोकन किया।

ग्राम बेवर्ती में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों द्वारा आकर्षक बाल मेले का आयोजन किया गया जिसका भी दल ने निरीक्षण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक आसाराम नेताम, कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, ग्राम सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। बाल मेले में 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों एवं उनकी माताओं के लिए 10 विषय आधारित काउंटर लगाए गए थे। इनमें पंजीयन, शारीरिक, बौद्धिक, भाषा एवं सामाजिक-भावनात्मक विकास, संतुलित आहार, टीकाकरण, माता सहायता केंद्र तथा खेल आधारित सीखने की गतिविधियां प्रमुख रहीं। माताओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों के बेहतर पालन-पोषण से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के समापन पर रेडी-टू-ईट सामग्री से तैयार पौष्टिक व्यंजन भी वितरित किए गए।

भ्रमण के अंतिम चरण में अधिकारियों ने कांकेर के राजापारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत माता समूहों की नियमित बैठकों, बच्चों के समग्र विकास तथा समुदाय की सहभागिता को करीब से देखा। इमर्शन विजिट में भानुप्रतापपुर परियोजना की सीडीपीओ ममता सुखदेवे, पर्यवेक्षक माहेश्वरी मरकाम, ज्योति राठौर तथा दुर्गूकोंदल परियोजना की पर्यवेक्षक देवकी सिन्हा एवं राजेश्वरी मंडावी शामिल रहीं। अधिकारियों ने कहा कि नवचेतना कार्यक्रम प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास, पोषण और सकारात्मक पालन-पोषण के क्षेत्र में प्रभावी पहल है। ऐसे इमर्शन विजिट से विभिन्न परियोजनाओं के बीच सीखने, अच्छे अनुभव साझा करने तथा बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने का अवसर मिलता है। वही प्रथम साइड से नवचेतना प्रोग्राम से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भी विजिट मे शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here