अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : गुंडरदेही के विधायक कुंवर सिंह निषाद के छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा अर्जुंदा मंडल अध्यक्ष के साथ मोबाइल पर हुई बातचीत को जिला भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा तथ्यों को तोड़ मरोड़कर बयान जारी कर भ्रामक प्रचार करने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा रविवार को राजीव भवन बालोद में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा के अध्यक्ष जीवन बंदे ने भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला द्वारा विधायक कुंवर सिंह निषाद पर लगाए गए झूठे और मनगढ़ंत आरोपों का कड़े शब्दों में निंदा करते हुए खंडन किया। उन्होंने कहा भाजपा द्वारा जारी पोस्टर पूरी तरह से राजनीतिक विद्वेष, झूठ और जनता को गुमराह करने की नीयत से जारी किया गया है। विधायक कुंवर सिंह की छवि एक सज्जन,शालीन और विकासवादी जननेता की है।उन पर धमकी देने जैसे आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
अर्जुंदा उनका अपना गृह ग्राम है और वे हर कार्यकर्ता,चाहे वह किसी भी दल का हो उनका सम्मान करते हैं। अर्जुंदा में सड़कों की जर्जर हालत की बात करने वाले भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि 15 साल भाजपा सरकार में अर्जुंदा में क्या विकास हुआ ? विधायक निधि और विकास कार्यों पर कमीशनखोरी जैसे आरोप पूरी तरह निराधार है। विधायक का पूरा हिसाब किताब पारदर्शी है।अवैध शराब,जुआ – सट्टा और रेत खनन जैसे अवैध कारोबारों को संरक्षण देने का काम भाजपा के शासनकाल में हो रहा हैं।यह पूरा प्रकरण भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और हताशा का परिणाम है,अपनी ही पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता को मोहरा बनाकर भाजपा नेता अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। जिले के भाजपा नेताओं को विधानसभा में मिली करारी हार पच नहीं रहा हैं। गुंडरदेही क्षेत्र की जनता सब जानती है,आने वाले समय में जनता ही इसका मुहतोड़ जवाब देगी।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री भोजराज साहू ने कहा विधायक के ऊपर लगाएं गए बेबुनियाद आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि विधायक कुंवर सिंह ने अपने कार्यकाल में गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया है।प्रमुख उपलब्धियों में अर्जुंदा एवं देवरी को तहसील का दर्जा,उद्यानिकी महाविद्यालय अर्जुंदा का स्थापना,प्रयास विद्यालय पिनकापार, जेवरतला रोड में महाविद्यालय प्रारंभ, माहुद बी महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृति,07आत्मानंद स्कूलों की शुरुआत,पेयजल व्यवस्था के लिए अमृत मिशन जल जीवन मिशन2.0 के तहत नगर पंचायत गुंडरदेही 30 करोड़ एवं नगर पंचायत अर्जुंदा में 26 करोड़ की राशि स्वीकृत,चैनगंज रेल्वे क्रासिंग में ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज हेतु 54 करोड़, किसानों की सुविधा के लिए 23 नवीन सेवा सहकारी समितियों का गठन एवं 10 नवीन धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मोहदीपाट, कुरदी, हल्दी एवं जेवरतला रोड में शाखा प्रारंभ, हल्दी में पुलिस चौकी, सिकोसा,अर्जुंदा एवं देवरी में स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन सहित अन्य विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधायक श्री निषाद एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि है, उन्हें व्यक्तिगत निशाना बनाकर अपनी डबल इंजन सरकार के नाकामियों को छुपाना बंद करे।सत्ता परिवर्तन के बाद पूर्व में बजट में शामिल सड़क निर्माण के कार्यों को जानबूझकर प्रशासकीय स्वीकृति नहीं देना,स्वीकृत कार्यों को निरस्त कर देना और फिर उसी सड़क के आड़ में राजनीति करना गलत है। अर्जुंदा से आमटी मार्ग दो बार से बजट में शामिल हो गया है, भाजपा सरकार तत्काल उक्त सड़क सहित अन्य जर्जर सड़कों के निर्माण कार्यों के लिए राशि स्वीकृति प्रदान करे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, पूर्व नगर पालिकड विकास चोपड़ा,महामंत्री सलीम खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कचरू साहू, नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव,पार्षद पार्षद सुमित शर्मा, अर्जुंदा ब्लॉक महामंत्री विनय साहू, सागर साहू, गुंडरदेही कुलेश्वर तिवारी,रोहित सागर,देवेन्द्र साहू,अर्जुंदा राजू पारख,हेमंत पटेल सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



