कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
अनूपपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उड़ीसा निवासी एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलो 355 ग्राम अवैध गांजा तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 75,300 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि छुलहा रेलवे स्टेशन की ओर से नीली शर्ट और काले पैंट पहने एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर अनूपपुर बस्ती की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने छुलहा रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी की।
दबिश के दौरान अनूपपुर-छुलहा मार्ग पर निर्माणाधीन सुनसान भवन के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में बैग के भीतर छह पैकेटों में रखा 6 किलो 355 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 60,300 रुपये, तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 15,000 रुपये, बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मदन महानंदिया (33 वर्ष), पिता केदार महानंदिया, निवासी ग्राम बीजापदर, पोस्ट ब्रम्हनीपाली, थाना बौध, जिला बौध (उड़ीसा) बताया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली अनूपपुर थाना में अपराध क्रमांक 451/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा की खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में उप निरीक्षक कोमल अरजरिया, प्रधान आरक्षक शेख रशीद, नितिन नामदेव, राजेश कंवर, प्रकाश तिवारी, चालक खेमराज, आरक्षक अब्दुल कलीम एवं अनूप पुषाम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



