Home देश ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन’ संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ, कानून और जिम्मेदारियों के प्रति...

‘जन सुरक्षा–युवा सृजन’ संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ, कानून और जिम्मेदारियों के प्रति छात्रों को किया जागरूक

0

अनूपपुर में पुलिस व शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल, छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और नवीन आपराधिक कानूनों की दी जानकारी

अनूपपुर : मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश शासन की संयुक्त पहल “जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा उप पुलिस अधीक्षक अरविंद जैन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप पुलिस अधीक्षक अरविंद जैन ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं।” उन्होंने युवाओं से कानून का सम्मान करने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा छात्र जीवन में अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनजाने में की गई एक छोटी गलती भी भविष्य को प्रभावित कर सकती है, इसलिए युवाओं का कानून और अपने दायित्वों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।

कार्यक्रम में ‘मैं, मेरे अधिकार और मेरी जिम्मेदारियां’ तथा ‘कानून, सुरक्षा व न्याय’ विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, नशे से दूरी, सड़क सुरक्षा, मौलिक अधिकार एवं नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में छात्रों को जागरूक किया गया।

सूबेदार अम्बरीष साहू ने डायल-112 सेवा एवं ट्रैफिक मोबाइल इंटरसेप्टर का प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता समझाई तथा सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी। वहीं ‘सृजन’ कार्यक्रम के जिला समन्वयक सुशील शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अपराधों से दूर रखते हुए उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस एवं शिक्षा विभाग के प्रशिक्षकों ने विस्तार से समाधान किया। आगामी चरण में छात्र-छात्राओं को पुलिस थाना, महिला थाना, अजाक थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष, पुलिस लाइन एवं दिशा लर्निंग सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि वे पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की कार्यप्रणाली को निकट से समझ सकें।

उद्घाटन सत्र में उप पुलिस अधीक्षक अरविंद जैन, सूबेदार अम्बरीष साहू, उपनिरीक्षक जयपुशु लकड़ा, प्राचार्य एस.के. परस्ते, शिक्षक संतोष साहू, हरिओम शर्मा, अनीता देवी, प्रियंका शुक्ला, कृष्णा साहू, गंगा सोंधिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से रामचंद्र यादव, दिनेश चंदेल तथा सृजन जिला समन्वयक सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here