Home छत्तीसगढ़ समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश: जनहित के लंबित प्रकरणों...

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश: जनहित के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें

0

इस सप्ताह 500 से अधिक ई-फाइल पूर्ण करने के निर्देश, सीएम जनदर्शन एवं सुशासन तिहार के आवेदनों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा

एमसीबी :  कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजनाओं, लंबित प्रकरणों, शिकायतों, निर्माण कार्यों, विभागीय लक्ष्यों तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इस सप्ताह 500 से अधिक ई-फाइल पूर्ण करने के निर्देश
बैठक की शुरुआत ई-ऑफिस की समीक्षा से हुई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस सप्ताह 500 से अधिक ई-फाइल पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस में जिस प्रकरण पर कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है, उसे अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा संबंधित फाइल को तत्काल क्लोज किया जाए। उन्होंने अभी तक ई-ऑफिस पर ऑनबोर्ड नहीं हुए अधिकारियों की जानकारी भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

सीएम जनदर्शन एवं सुशासन तिहार के आवेदनों पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने सीएम जनदर्शन एवं सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा, आदिवासी विकास, समस्त नगर पंचायत, खाद्य, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा वन विभाग से संबंधित लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा गया। सीएम पोर्टल की समीक्षा के दौरान खाद्य, सीमांकन, नक्शा-खसरा सहित अन्य लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पेंशन, समाज कल्याण, पंचायत एवं राजस्व विभाग के एल-1 स्तर के प्रकरणों में आवश्यक प्रतिवेदन प्राप्त कर एल-2 स्तर पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने तथा निराकृत प्रकरणों को स्पेशल क्लोजर में डालने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीसीएमसी पोर्टल, जन शिकायत, जनदर्शन एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई।

जिला पंचायत की समितियों की बैठक 20 अगस्त से पहले कराने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम ने अधिकारियों को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समितियों की बैठक अभी तक आयोजित नहीं हुई है, उनकी बैठक 20 अगस्त से पहले अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए।

छात्रावासों में बच्चों की उपस्थिति एचएमएस पोर्टल पर दर्ज करने को कहा
बैठक में जिले के छात्रावास एवं आवासीय संस्थानों में बच्चों के प्रवेश एवं उपस्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बच्चों की नियमित उपस्थिति एचएमएस पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने कहा गया। भरतपुर क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति तथा जेल में बहुउद्देशीय योजना के तहत नल-जल संबंधी प्रशिक्षण एवं तीनों विकास खंडों में नए प्रशिक्षण बैच तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश
मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने कहा। स्नेक कैचर के नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार, मच्छरदानी के उपयोग को बढ़ावा देने, आवश्यक दवा का छिड़काव तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक एंटी-स्नेक दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने कहा गया।

धान खरीदी से पहले खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टेक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज वितरण, फसल बीमा, प्रीमियम कटौती एवं पोर्टल एंट्री की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारू वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करने कहा गया।

पीएम सूर्य घर योजना के हितग्राहियों की सफलता की कहानी तैयार करने के निर्देश
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। बताया गया कि मनेन्द्रगढ़ शहरी क्षेत्र में लगभग 250 हितग्राहियों के यहां योजना के तहत कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने जिला जनसंपर्क अधिकारी को संबंधित अधिकारी के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर योजना से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानी तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि योजना के सकारात्मक प्रभावों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा सके।

जलाशयों की स्थिति की समीक्षा, भरतपुर में जलस्तर पर विशेष नजर
जल संसाधन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि खड़गवां में लगभग 88 प्रतिशत तथा मनेन्द्रगढ़ में लगभग 78 प्रतिशत जलाशय भरे हुए हैं, जबकि भरतपुर में जल स्तर अपेक्षाकृत कम है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जलाशयों से पानी छोड़ने का निर्णय संबंधित विभागों से समन्वय एवं आवश्यकता का आकलन करने के बाद ही लिया जाए। जल संरक्षण से संबंधित आवश्यक कार्यों के एस्टीमेट तैयार करने तथा विभागीय लक्ष्यों एवं पोर्टल एंट्री की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूलों में महिला शौचालयों का होगा सर्वे
कलेक्टर ने जिले के स्कूलों में महिला शौचालयों की उपलब्धता का सर्वे कर जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को संयुक्त प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई, स्वास्थ्य गतिविधियों एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने कहा गया। जर्जर स्कूल भवनों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार डिस्मेंटल करने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी में सुधार की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मवेशियों पर रेडियम बेल्ट और मालिकों की पहचान के निर्देश
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, तालाबों की संख्या, निर्धारित लक्ष्य एवं प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं सड़क सुरक्षा के मद्देनजर लावारिस मवेशियों के मालिकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मवेशियों पर रेडियम बेल्ट लगाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। डॉ. विनीत भारद्वाज को आगामी समय-सीमा बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान मनेन्द्रगढ़ में लगभग 990 सागौन पौधों के रोपण के लक्ष्य की जानकारी ली गई। स्कूलों एवं छात्रावासों में पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित करने कहा गया। हॉर्टिकल्चर विभाग एवं ग्राम पंचायतों के समन्वय से बेहतर बागवानी क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज एवं सीजीएमएससी के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। 12 अगस्त को प्रातः 11 बजे खेड़िया तिराहा चौक से भगत सिंह चौक होते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल तक जिला स्तरीय तिरंगा दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी विभागों को तिरंगा लेकर शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
13 अगस्त को पुलिस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम सांस्कृतिक रिहर्सल होगा, जिसमें देशभक्ति गीतों को विशेष महत्व देने कहा गया है। वहीं 14 अगस्त को प्रातः 6ः30 बजे स्वतंत्रता दौड़ स्वामी आत्मानंद स्कूल से प्रारंभ होकर पीडब्ल्यूडी चौक होते हुए पुलिस ग्राउंड तक आयोजित की जाएगी। इसी दौरान भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा 19 अगस्त 2026 को पेंशन प्रकरण, समयमान वेतनमान, भविष्य निधि एवं अन्य आवश्यक मामलों को लेकर जिला कोषालय की बैठक जनपद सभाकक्ष मनेन्द्रगढ़ में आयोजित की जाएगी।

निर्देशों का प्रभाव मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए
बैठक के अंत में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं तथा मैदानी स्तर पर कार्यों की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवायें उपलब्ध कराना है। बैठक में दिए गए निर्देशों का केवल कागजी पालन न हो, बल्कि उनका प्रभाव मैदानी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here