Home छत्तीसगढ़ EOW/ACB की बड़ी कार्रवाई: श्री साईं ट्रांसपोर्ट के 2 वाहन जब्त, लॉकडाउन...

EOW/ACB की बड़ी कार्रवाई: श्री साईं ट्रांसपोर्ट के 2 वाहन जब्त, लॉकडाउन में शराब परिवहन से जुड़े मिले तार

0

रायपुर :  छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए दो और वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहन लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए थे। बता दें कि अब तक 28 वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है।

EOW/ACB के अनुसार, प्रकरण क्रमांक 04/2024 में जांच के दौरान पूछताछ में सामने आया कि मार्च-अप्रैल 2020 के लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से आबकारी अधिकारियों के माध्यम से शराब का अवैध परिवहन किया गया था। आरोप है कि शराब को रायपुर और दुर्ग के विभिन्न होटल एवं बार में पहुंचाकर अधिक कीमत पर बेचा गया और इससे प्राप्त रकम को शराब सिंडिकेट तक पहुंचाया जाता था।

श्री साईं ट्रांसपोर्ट के दो वाहन जब्त

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ब्यूरो ने दिनेश अग्रवाल के श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े दो वाहनों को जब्त किया है। इनमें वाहन क्रमांक CG04-MF-1274 और CG04-MC-2618 शामिल हैं। ब्यूरो के मुताबिक, वर्तमान में दोनों वाहन गैस परिवहन के कार्य में उपयोग किए जा रहे थे। जांच के दौरान लॉकडाउन अवधि में अवैध शराब परिवहन में इनके इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद इन्हें जब्त किया गया।

अब तक 28 वाहनों पर कार्रवाई

EOW/ACB के अनुसार, शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान अब तक कुल 28 वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में EOW/ACB द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 420, 467, 468 और 471 के तहत जांच की जा रही है। ब्यूरो की जांच में शराब के अवैध परिवहन, बिक्री और उससे प्राप्त रकम के सिंडिकेट तक पहुंचाए जाने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here