एमसीबी : आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारियों को लेकर आज आमाखेरवा ग्राउंड, मनेन्द्रगढ़ में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतिम रिहर्सल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रिहर्सल के दौरान डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं परेड सलामी की संपूर्ण प्रक्रिया का अभ्यास किया। उन्होंने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। जिला स्तरीय समारोह के तहत मिनट-टू-मिनट रिहर्सल आयोजित किया गया, जिसमें कार्यक्रम की सभी गतिविधियों का क्रमवार अभ्यास एवं समीक्षा की गई।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मुख्य समारोह की बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थल, अतिथि दीर्घा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी को स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा, अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे आमाखेरवा ग्राउंड, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होगा। समारोह में मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान होगा।
इसके पश्चात वे परेड की सलामी लेंगे, मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग से आरआई हेमंत टोप्पो, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंकिता सोम , एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत, आदिम जाति विकास विभाग ,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



