
रिसगांव क्षेत्र को पहली बार मिला जिला स्तरीय सम्मान

संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में नक्सल प्रभावित एवं अति-संवेदनशील क्षेत्र में सराहनीय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साँकरा के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र रिसगांव में पदस्थ आर.एम.ए. दुर्गेश कुमार साहू को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
इस सम्मान की सबसे खास बात यह रही कि रिसगांव क्षेत्र के इतिहास में पहली बार किसी भी विभाग के कर्मी को जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है। नक्सल-वालांचल और टाईगर रिजर्व क्षेत्र होने के कारण आज तक यहां के किसी भी विभाग को इस प्रकार का सम्मान नहीं मिला था।
विकासखंड नगरी का रिसगांव क्षेत्र अत्यंत दुर्गम है। यहां न पक्की सड़क है, न बिजली की समुचित व्यवस्था और न ही बरसात में काम आने वाले पुल-पुलिया। चार महीने तक नगरी मुख्यालय से इस क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह बाधित हो जाता है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है।
ऐसे कठिन हालातों के बावजूद श्री साहू वर्ष 2012 से रिसगांव में मुख्यालय निवास कर लगातार 12 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है कि उनके कार्यक्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से एक भी मातृ मृत्यु दर्ज नहीं की गई है। साथ ही शिशु मृत्यु दर को भी न्यूनतम स्तर पर नियंत्रित रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण नियंत्रण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन इसी क्षेत्र में संभव हो पाया है। आपातकालीन परिस्थितियों में श्री साहू द्वारा दूरस्थ और दुर्गम गांवों में पैदल जाकर घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
जिला प्रशासन ने उनके निडर होकर कर्तव्य निर्वहन और मानव सेवा के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया। इस सम्मान से पूरे नगरी अंचल में खुशी और गर्व की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विषम परिस्थितियों में भी लगातार सेवा देने वाले श्री साहू क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि इस तरह के समर्पित कर्मचारियों से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।



