Home छत्तीसगढ़ नन्हे कदमों में देशप्रेम का जज़्बा: अलास्का पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता...

नन्हे कदमों में देशप्रेम का जज़्बा: अलास्का पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

0

मनेंद्रगढ़ :  स्थानीय अलास्का पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के संचालक मो. फिरोज मंसूरी एवं रुहीन मंसूरी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। ​इसके पश्चात संचालकों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।

​राष्ट्रगान के बाद मुख्य सांस्कृतिक मंच कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसका कुशल एवं प्रभावी संचालन अलास्का पब्लिक स्कूल की कोऑर्डिनेटर ऋचा अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान संचालक मो. फिरोज मंसूरी ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रेरणादायक भाषण दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास पर बल दिया।

समारोह में कक्षा पहली, दूसरी और तीसरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तिरंगे के रंग में रंगकर देशभक्ति गीतों पर ऊर्जा और मासूमियत से भरपूर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों के सधे हुए तालमेल, चुलबुले अंदाज़ और चेहरे के सुंदर भावों ने पूरे माहौल में देशभक्ति का ऐसा रंग घोला कि दर्शक दीर्घा में मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए।

​कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूह गान (Group Song) गाकर पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम से गुंजायमान कर दिया। कक्षा 5 की छात्रा कनिष्का राय और प्रीतिका रजक ने आज़ादी के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा पहली की छात्रा शुभांशी अग्रवाल रहीं, जिन्होंने मधुर अंदाज़ में कैशियो बजाते हुए ‘वंदे मातरम्’ की सुरीली प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

​कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया और मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस के इस पूरे गरिमामय और भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय स्कूल के संचालकों के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। स्कूल के पूरे शिक्षक और स्टाफ टीम के अथक परिश्रम, समर्पण और बेहतरीन टीम वर्क की बदौलत ही यह पूरा कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित, भव्य और यादगार बन सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here