सक्ती : हरदीबाजार के भांठापारा में झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में सक्ती विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक प्रेमचंद पटेल और पूर्व विधायक बोधराम कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद फीता काटकर कन्या महाविद्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता था। महाविद्यालय खुलने से अब क्षेत्र की छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक बोधराम कंवर की माता जी का सपना था कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चों, विशेषकर बेटियों को बेहतर एवं उच्च शिक्षा उपलब्ध हो। आज यह सपना साकार हुआ है।
पूर्व विधायक बोधराम कंवर ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों ने लंबे समय से कन्या महाविद्यालय खोलने की मांग उनके सामने रखी थी। इसके बाद उन्होंने सांसद ज्योत्सना महंत और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को इस समस्या से अवगत कराया। सांसद की अनुशंसा और लगातार प्रयासों के बाद शासन से महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति मिली।
सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि गर्ल्स कॉलेज शुरू होने से स्थानीय छात्राओं को उच्च शिक्षा का बेहतर और सुरक्षित विकल्प मिलेगा। अब उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों या दूर-दराज के संस्थानों में जाने की मजबूरी कम होगी। इससे ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे और वे आगे बढ़कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगी।
क्षेत्रवासियों ने भी महाविद्यालय खुलने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने इसके लिए पूर्व विधायक बोधराम कंवर के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
उद्घाटन समारोह में कोरबा जिले के कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक एवं ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता, हरदीबाजार के नगरवासी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनसमूह उपस्थित रहा।




