भारतीय रसोई में पुदीना को चटनी बनाने से लेकर ट्रेडिशनल ड्रिंक्स में फ्रेशनेस बढ़ाने तक के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ये महज खाने में यूज होने वाली कोई मामूली हर्ब नहीं है, बल्कि मेडिसिनल गुणों से भी भरपूर है. क्या आपको पता है कि इसे अंग्रेजी में क्या कहा जाता है और इसे आप खाने के अलावा किन तरीकों से आप यूज कर सकते हैं. पुदीना को अंग्रेजी में मिंट ‘Mint’ कहा जाता है और ये अपनी फ्रेशनेस के लिए पहचानी जाने वाली हर्ब है. दुनियाभर में इसकी फैमिली के जुड़े कई तरह के पौधे पाए जाते हैं और इसकी कई किस्में हैं जिसे लोग खाने से लेकर औषधी की तरह भी अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल करते हैं.
स्किन के लिए पुदीना का यूज:- अगर चेहरे पर पिंपल्स बने रहते हैं तो पुदीना का यूज फायदेमंद रहता है, क्योंकि इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जो बैक्टीरिया को पनपने से रोकते हैं. ये एक्स्ट्रा ऑयल को भी कंट्रोल करता है और त्वचा को ठंडक देता है. इससे गर्मी में होने वाली स्किन की खुजली, जलन से भी राहत मिलती है. ताजा पुदीना की पत्तियों को पीसकर इसमें शहद मिलाकर लगा सकते हैं या फिर दही के साथ एड करके अप्लाई करें. सिर्फ पुदीने की पत्तियों का रस भी काम आता है.
पाचन की समस्याओं से राहत:- पुदीना की पत्तियों का रस निकालकर इसमें नींबू और काला नमक मिलाकर पीने से ये कुछ ही देर में पेट की गैस और मरोड़ की समस्या से राहत दिलाने में मदद करता है. पेट में भारीपन लग रहा हो तो खाने के बाद 8-10 पुदीना की पत्तियों को 1 कप पानी में उबालकर गुनगुना पीना चाहिए.
सिरदर्द से मिलती है राहत:- अगर गर्मी की वजह से सिर में दर्द होने लगता है या फिर माइग्रेन की समस्या है तो पुदीना काम आ सकता है. इसके लिए पुदीना की ताजी पत्तियां मसलकर कुछ देर सूंघना चाहिए और इसका लेप भी माथे पर लगाने से आराम मिलता है.
मुंह की बदबू दूर करे पुदीना:- अगर आप मुंह की बदबू से परेशान रहते हैं तो पुदीना की पत्तियां चबाएं या फिर उसे उबालकर गुनगुना रह जाने पर रोजाना इससे कुल्ला करें. ऐसा करने से बैक्टीरिया नष्ट होते हैं और मसूड़ों की सूजन से भी आराम मिलता है. सांसें भी ताजा रहती हैं.
जुकाम में राहत मिलती है:- अगर कफ की वजह से सीने में दर्द और नाक बंद है तो उबलते पानी में पुदीना की 10-12 पत्तियां क्रश करके डालें या फिर पुदीना के तेल की 2 बूंदे ए़ड करें. इससे कम से कम 15-20 मिनट तक भाप लेने से काफी आराम मिलता है.




