कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर : सनातन धर्म संत समाज आश्रम श्रीकोट, जिला बलरामपुर के नेतृत्व में गुरुवार को बिन गंगा से हजारों श्रद्धालु कांवरियों ने पवित्र जल लेकर प्रसिद्ध कैलाश गुफा धाम के लिए भव्य यात्रा का शुभारंभ किया। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयघोष, बोल बम के नारों एवं भक्ति गीतों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा पर निकले।जानकारी के अनुसार आगामी सोमवार को कैलाश गुफा में विशाल जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आश्रम गहीरा (जिला रायगढ़), सूरजपुर जिले सहित रामगढ़ एवं सारासोर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर यात्रा में शामिल होंगे। सभी श्रद्धालु एक साथ कैलाश गुफा पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा निरंतर “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप किया जा रहा है। रात्रि में विभिन्न पड़ावों पर भजन-कीर्तन, शिव महिमा का गुणगान एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु देर रात तक भगवान शिव की आराधना में लीन रहते हैं।
सनातन धर्म संत समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सनातन संस्कृति, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागत, भोजन एवं सेवा की व्यवस्था की गई है।आयोजकों के अनुसार इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आयोजन और भी भव्य रूप धारण कर रहा है। सोमवार को होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।




