PHC हाटी मामले में जांच पर सवाल,शिकायतकर्ता ने लगाया बचाने का आरोप, मामला अब उच्च अधिकारियों के पास
ब्यूरो चीफ, रायगढ़ | 23 अगस्त 2026 :धर्मजयगढ़ विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाटी के सुपरवाइजर लालजी राठौर से जुड़ा मामला लगातार तूल पकड़ रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में पहले की गई शिकायत CC260700093084 पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा जो जांच कर जवाब भेजा गया, उससे शिकायतकर्ता ने असंतोष जताया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित सुपरवाइजर को बचाने के लिए गलत जांच रिपोर्ट बनाकर उच्च कार्यालय को भेज दी गई है।
इस असंतोष के चलते शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दोबारा शिकायत दर्ज कराई है, जिसका क्रमांक CC260800147545 है। इस नई शिकायत को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा ने निराकरण के लिए उच्च अधिकारी को प्रेषित कर दिया है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच जिला स्तर से कराई जाए और यदि निजी प्रैक्टिस के साक्ष्य मौजूद हैं तो उनकी भी जांच की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सुपरवाइजर इलाज करने के लिए अधिकृत नहीं है, फिर भी घर पर इलाज किया जाता है, इसलिए वे इसे “सरकारी झोला छाप डॉक्टर” कह रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि फीस के नाम पर लूट की जाती है और मजबूर मरीजों को मनमानी रेट पर दवाइयां बेची जाती हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि इस सरकारी झोला छाप के हाथों इलाज करते समय अगर किसी ग्रामीण को शारीरिक नुकसान होता है या किसी मरीज की जान चली जाती है तो क्या प्रशासन इसका जिम्मा लेगा? ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा ऐसी खुली छूट देकर गरीबों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।










