Home छत्तीसगढ़ मनेंद्रगढ़ में संभागीय स्तर पर यादव समाज की बैठक सम्पन्न:छत्तीसगढ़ में जनजागरूकता...

मनेंद्रगढ़ में संभागीय स्तर पर यादव समाज की बैठक सम्पन्न:छत्तीसगढ़ में जनजागरूकता अभियान चलाने की बनी रणनीति

0

मनेंद्रगढ़ : मनेंद्रगढ़ में शनिवार को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की संभागीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक समाज के अध्यक्ष गंगा यादव के निवास पर आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत राधे-कृष्ण की छायाचित्र पर धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं स्तुति के साथ हुई। इसके बाद बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई।

बैठक में अंबिकापुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, मनेंद्रगढ़, पोड़ी-बचरा, लेदरी, झगड़ाखाड़, खोंगापानी सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभी जिलों में जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर

बैठक में आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में यादव समाज का व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को लेकर चर्चा हुई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए गांव से लेकर जिला और संभाग स्तर तक समाज के लोगों को एकजुट करना जरूरी है। इसके लिए सामाजिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

समाज की मुख्यधारा से सभी वर्गों को जोड़ने पर चर्चा

बैठक में यादव समाज की विभिन्न जातियों एवं उपनामों से जुड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकता और पहचान को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। समाज के लोगों को अपने गोत्र एवं जातिगत पहचान का उल्लेख यादव समाज के साथ करने के लिए भी जागरूक करने की बात कही गई।

संभाग स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी समय में पुनः संभागीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन के विस्तार, सदस्यता, सामाजिक एकता और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके बाद जनजागरूकता अभियान को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर संचालित करने की रणनीति बनाई जाएगी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती केवल पद और संगठन से नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सक्रिय भागीदारी और नई पीढ़ी को जोड़ने से होगी। युवाओं को समाज के इतिहास, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

सामाजिक एकता का लिया संकल्प

बैठक में उपस्थित सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा युवाओं और नई पीढ़ी को समाज की गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले समय में यादव समाज को और अधिक संगठित एवं प्रभावशाली बनाने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार कार्य किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, देवधारी यादव, सरगुजा संभाग अध्यक्ष परमानंद यादव, पूर्व पार्षद शिव यादव, जिलाध्यक्ष MCB हरीलाल यादव (गंगा), पूर्व जिलाध्यक्ष MCB रामभजन यादव, जिलाध्यक्ष कोरिया सुशील यादव, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ राम सजीला यादव, महिला प्रकोष्ठ कोरिया अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, गोपाल नारायण यादव, नगर अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ वासु यादव, रविन्द्र यादव, राजेश यादव, तुलाराम यादव, लालजी यादव, खोगेंद्र यादव, हरीशचंद्र यादव, शंकर यादव सहित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और जनजागरूकता अभियान को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाजहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here