संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : नगरी विकासखण्ड में किसानों को खाद निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने एवं खाद विक्रय में अनियमितता की शिकायत को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, ब्लॉक नगरी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के किसानों से लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है कि कुछ खाद विक्रेताओं एवं व्यापारियों द्वारा शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है। साथ ही खाद के साथ अन्य सामग्री खरीदने के लिए किसानों को बाध्य करने तथा खाद के स्टॉक एवं बिक्री में अनियमितता किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
संगठन ने प्रशासन से नगरी विकासखण्ड के सभी खाद विक्रय केंद्रों की जांच कराने की मांग की है। जांच के दौरान खाद का उपलब्ध स्टॉक, निर्धारित विक्रय मूल्य, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, बिल एवं रसीद सहित विक्रय प्रक्रिया की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
साथ ही संगठन ने मांग की है कि सभी खाद विक्रेताओं द्वारा दुकान के सामने खाद की निर्धारित कीमत एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा प्रत्येक किसान को खाद खरीदने पर अनिवार्य रूप से बिल/रसीद उपलब्ध कराई जाए। खाद के साथ किसी अन्य सामग्री की अनिवार्य खरीद के लिए किसानों को बाध्य करने पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने प्रशासन से 5 दिवस के भीतर शिकायत की जांच कर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो किसानों के हित एवं अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष पंकज कोशरे, उपाध्यक्ष अमन राज निराला, चित्र कुमार मरकाम, महासचिव संजय जोशी, सचिन डमरू चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी सोमन लहरे, राहुल चेलक, चंद्रहास बेर, विजय बंजारे सहित भीम आर्मी भारत एकता मिशन के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




