होटल से होमस्टे, टूर ऑपरेटर से इको-टूरिज्म और सोशल मीडिया तक 10 श्रेणियों में होगा सम्मान
प्रत्येक विजेता को 11 हजार की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो, आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर
कोरिया/ छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान दिलाने और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। पर्यटन के विकास, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हितधारकों को कुल 10 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं।
पर्यटन की पूरी श्रृंखला को मिलेगा प्रोत्साहन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ में पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित न रखते हुए इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है। आतिथ्य, पर्यटन संचालन, जिला पर्यटन प्रबंधन, स्टार्टअप एवं उद्यमिता, रिसॉर्ट सेवाएं, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, डिजिटल प्रचार, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार की 10 श्रेणियां
सर्वश्रेष्ठ होटल
सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
उत्कृष्ट सेवाओं और नवाचार को मिलेगा सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले पर्यटन उद्यमों का चयन किया जाएगा। MICE सुविधाओं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, पर्यटन प्रचार, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन जैसे मानकों को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इसी तरह पंजीकृत टूर ऑपरेटरों के चयन में आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार के प्रयासों को महत्व दिया जाएगा।
पर्यटन विकास में उत्कृष्ट जिले को भी मिलेगा सम्मान
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के तहत पर्यटन के व्यापक विकास, गंतव्य प्रबंधन और घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए बेहतर कार्य करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा।
पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, ग्रामीण एवं कृषि पर्यटन, संस्कृति, स्थानीय अनुभव और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
पर्यटन स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार दिया जाएगा। नए विचारों, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई दिशा देने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को इस श्रेणी में पहचान मिलेगी।
रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र भी सम्मानित होंगे
CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा। रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत जैसे मानक महत्वपूर्ण होंगे, जबकि पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
होमस्टे से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वालों को सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और शिकायत निवारण प्रणाली जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा। स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने, समुदाय को पर्यटन से जोड़ने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग करने वालों को पुरस्कार
सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी शामिल की गई है। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, वन्यजीव, ऐतिहासिक स्थलों और साहसिक पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।
सतत पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मान मिलेगा। नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों को विशेष महत्व दिया जाएगा।
एडवेंचर टूरिज्म को भी मिलेगा प्रोत्साहन
कैंपिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों का संचालन करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या, राजस्व, नए एडवेंचर प्रोडक्ट, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पर्यटन अनुभव तथा प्रचार-प्रसार के प्रयासों को मूल्यांकन का आधार बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक भेजें आवेदन
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां 15 सितंबर 2026 तक it@visitcg.in पर ई-मेल कर सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट www.tourism.cgstate.gov.in� पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड से मोबाइल नंबर 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता एवं मानकों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा।
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, सतत पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है। यह पहल राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।






