L-1, L-2 समेत रिक्त पदों पर भर्ती और रिटायर्ड कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति रोकने की मांग।
एस एस एच अज़हर दंतेवाड़ा बचेली : एनएमडीसी की बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में भर्ती प्रक्रिया में देरी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की खबर को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी और जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने बचेली में जोरदार प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर से एनएमडीसी चेकपोस्ट तक विशाल रैली निकाली और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने L-1, L-2 समेत विभिन्न रिक्त पदों पर नियमित भर्ती तत्काल शुरू करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति पर रोक लगाने की मांग की।एनएमडीसी चेकपोस्ट पहुंचने पर सुरक्षा कारणों से गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी गहमागहमी की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद एनएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली धरना स्थल पर पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं ने उन्हें सीएमडी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का अल्टीमेटम दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील अहमद रिजवी, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा, सुलोचना कर्मा और युवा कांग्रेस अध्यक्ष गणेश दुर्गा ने कहा कि एनएमडीसी क्षेत्र के विकास और रोजगार का प्रमुख आधार है। ऐसे में स्थानीय योग्य और बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए।
नेताओं ने आरोप लगाया कि हजारों स्थानीय युवा लंबे समय से नियमित भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, जबकि रिक्त पदों पर भर्ती के बजाय सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे स्थानीय युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि 10 दिन के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े प्रांतीय नेताओं की मौजूदगी में बचेली-किरंदुल से लेकर जिला स्तर तक व्यापक आंदोलन किया जाएगा।प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता अवधेश गौतम, सलीम रजा उस्मानी, विमल सलाम, पूजा साव, अविनाश सरकार, विद्या नंद सेन, मनीष भट्टाचार्य, सुनील गाइन, धीरू नाग समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे।





