सक्ती : सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर का सख्त निर्देश सट्टा खेलने खिलाने वालों से होगा मुक्त नगर फ्लैग मार्च कर दिया सट्टा मुक्त सक्ती का संदेश पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पूर्व में सट्टा संबंधी प्रकरणों में संलिप्त व्यक्तियों को बुलाकर दी कड़ी समझाइश भविष्य में सट्टा खेलने, खिलाने अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त नहीं होने के दिए निर्देश संबंधित व्यक्तियों ने भविष्य में स्वयं में सुधार करने एवं अपराधों से दूर रहने की जताई प्रतिबद्धता पुलिस के साथ फ्लैग मार्च कर सट्टा विरोधी स्लोगन वाली पट्टियां, बैनर एवं पोस्टर लेकर आमजन को किया जागरूकविभिन्न सट्टा विरोधी नारों के माध्यम से दिया “सट्टा मुक्त सक्ती” का संदेशआपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा बदमाश एक्ट के तहत कार्रवाई एवं आवश्यकता अनुसार जिला बदर की कार्रवाई किए जाने की दी गई कड़ी समझाईश भविष्य में अपराध की पुनरावृत्ति करने वालों के विरुद्ध होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा, अवैध गतिविधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सक्ती शहर क्षेत्र में पूर्व में सट्टा खेलने एवं सट्टा खिलाने के मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए व्यक्तियों को पुलिस द्वारा बुलाकर विशेष रूप से समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि सट्टा खेलना एवं खिलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक है। सट्टे की गतिविधियों से व्यक्ति आर्थिक संकट में फंसने के साथ-साथ अन्य अपराधों की ओर भी अग्रसर हो सकता है। अतः सभी व्यक्ति सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से पूर्णतः दूर रहकर समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कड़े शब्दों में निर्देशित किया गया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति पुनः सट्टा खेलते, खिलाते अथवा सट्टा गतिविधियों को बढ़ावा देते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गुंडा बदमाश एक्ट एवं जिला बदर की कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि सट्टा सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले एवं समाज में अशांति अथवा भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी।
ऐसे व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड एवं गतिविधियों के आधार पर गुंडा बदमाश एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार जिला बदर की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्पष्ट किया कि अपराध की पुनरावृत्ति करने वाले एवं बार-बार कानून व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के प्रति पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
समझाइश के बाद स्वयं बने सट्टा विरोधी जागरूकता अभियान का हिस्सा
पुलिस द्वारा दी गई समझाइश के पश्चात संबंधित व्यक्तियों द्वारा भी भविष्य में स्वयं में सुधार करने तथा सट्टा एवं अन्य अपराधों से दूर रहने की बात कही गई।
इसी सकारात्मक भावना को आगे बढ़ाते हुए संबंधित व्यक्तियों द्वारा पुलिस के साथ सक्ती शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान उनके द्वारा हाथों में सट्टा विरोधी स्लोगन लिखी पट्टियां, बैनर एवं पोस्टर लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर आम नागरिकों को सट्टे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा सट्टा विरोधी नारे लगाते हुए आम नागरिकों से सट्टे से दूर रहने तथा अपराध मुक्त एवं बेहतर समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान “सट्टा छोड़ो–परिवार जोड़ो”, “सट्टे से दूरी–परिवार में खुशहाली”, “सट्टा मुक्त सक्ती–सुरक्षित सक्ती”, “सट्टा अपराध है–इससे दूर रहें” जैसे संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया।
इस पहल का उद्देश्य केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि अपराध की पुनरावृत्ति रोकना, अपराध में संलिप्त व्यक्तियों में सुधार की भावना विकसित करना तथा आम नागरिकों को भी सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
आम नागरिकों से सक्ती पुलिस की अपील
सक्ती पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सट्टा खेलने या खिलाने वालों का सहयोग न करें। अपने आसपास किसी भी प्रकार की सट्टा गतिविधि संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सक्ती पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकता अनुसार गुंडा बदमाश एक्ट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं जिला बदर जैसी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
सक्ती पुलिस का स्पष्ट संदेश
सट्टे से दूरी बनाएँ — परिवार एवं समाज में खुशहाली लाएँ।”
“अपराध से तौबा करें — समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।”
“सट्टा मुक्त सक्ती सुरक्षित एवं जागरूक सक्ती।”
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक लखनलाल पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




