Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के विभिन्न विकास कार्यों एवं स्थलों...

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के विभिन्न विकास कार्यों एवं स्थलों का किया निरीक्षण

0

श्रद्धालुओं की सुविधाओं, चिकित्सा महाविद्यालय की व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने दंतेवाड़ा जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भक्त निवास, पुराना धर्मशाला, नवीन धर्मशाला, जैविक मिलेट कैफे, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल, लाइवलीहुड कॉलेज आवासीय बालक कारली एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चितालंका का निरीक्षण किया। साथ ही आगामी शारदीय नवरात्र एवं मड़ई मेला के आयोजन को लेकर पार्किंग एवं मेला स्थल के लिए उपयुक्त स्थानों का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर ध्रुव ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन भक्त निवास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके पश्चात कलेक्टर ने पुराना धर्मशाला एवं नवीन धर्मशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बिजली, पेयजल, शौचालय तथा साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने और धर्मशाला में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए।जैविक मिलेट कैफे के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित कांट्रेक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाउंड्रीवाल, जनरेटर, बस सुविधा, स्मार्ट क्लास, लैब, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण एवं साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में कलेक्टर ने ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्टाफ की जानकारी ली। उन्होंने हॉस्टल में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नव निर्मित लाइवलीहुड कॉलेज आवासीय बालक कारली एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चितालंका का भी निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

आगामी शारदीय नवरात्र को देखते हुए कलेक्टर ने पार्किंग स्थल के चयन के लिए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आगामी मड़ई मेला आयोजन के लिए भी उपयुक्त स्थल का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए समुचित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री लोकांश एल्मा,निर्माण विभाग के ईई सहित अन्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here