Home छत्तीसगढ़ स्ट्रीट फूड कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण, 230 खाद्य...

स्ट्रीट फूड कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण, 230 खाद्य विक्रेताओं को वितरण किया गया हाइजीन किट

0

एमसीबी : जिले में स्ट्रीट फूड के कारोबार से जुड़े खाद्य विक्रेताओं को स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में संचालित स्ट्रीट फूड व्यवसाय से जुड़े 230 खाद्य विक्रेताओं ( Street Food Vendors) को खाद्य स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य विक्रेताओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।प्रशिक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल की साफ-सफाई तथा खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने के उपायों की जानकारी दी गई। विक्रेताओं को खाद्य सामग्री तैयार करने और उसका विक्रय करते समय निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।

स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति और अधिक जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हाइजीन किट का वितरण भी किया जा रहा है। हाइजीन किट में हेड कवर, एप्रन, ग्लव्स, साबुन एवं तौलिया जैसी आवश्यक सामग्री शामिल है। इनका उपयोग खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में किया जा सकेगा। इससे खाद्य विक्रेताओं द्वारा भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर की जा रही यह पहल आम नागरिकों के स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। स्ट्रीट फूड का सेवन बड़ी संख्या में लोग करते हैं, ऐसे में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, सुरक्षित रख-रखाव और तैयार करने की प्रक्रिया में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण के माध्यम से विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों को धूल, गंदगी और अन्य प्रकार के संक्रमण से बचाने के साथ-साथ साफ-सुथरे तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया सहित अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को भी सुरक्षित स्ट्रीट फूड के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा खाद्य विक्रेताओं को स्वच्छता संबंधी अच्छी प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here