डिजिटल क्रॉप सर्वे में त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं, फसलों का सही रकबा दर्ज करने के दिए निर्देश
डभरा। डभरा विकासखंड के ग्राम हीरापुर एवं बरगुड़हा में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर सर्वे कार्य की प्रगति एवं खेतों में दर्ज की जा रही फसलों की जानकारी का जायजा लिया।
कलेक्टर जयश्री जैन ने अधिकारियों एवं सर्वे टीम को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। खेत में वास्तविक रूप से बोई गई फसल का मौके पर सत्यापन कर उसका सही-सही रकबा एवं फसल का विवरण दर्ज किया जाए।
इस दौरान डभरा एसडीएम श्री विनय कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी सर्वे कार्य की बारीकियों एवं मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य में बरहगुड़ा हल्का के पटवारी श्री सचिदानंद पटेल द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने सर्वे के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज की जा रही जानकारी को वास्तविक स्थिति से मिलान करते हुए पूरी सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों की फसलों और कृषि भूमि से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं। इसलिए सटीक एवं त्रुटिरहित सर्वे किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित टीम को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने और सर्वे प्रक्रिया की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार कश्यप, पटवारी सचिदानंद पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं सर्वे टीम उपस्थित रही।




