Home छत्तीसगढ़ शिक्षकों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष मोर्चा ने विधायक टेकाम...

शिक्षकों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष मोर्चा ने विधायक टेकाम को सौंपा ज्ञापन

0

 

विधायक नीलकंठ टेकाम ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, शासन स्तर पर पहल का दिया भरोसा

कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर/रायपुर :- शिक्षक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। मोर्चा के प्रांतीय निर्णयानुसार 7 सितंबर को प्रांतीय संयोजक केदार जैन के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम से मुलाकात कर पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

विधायक कार्यालय में शिक्षक प्रतिनिधियों और विधायक के बीच करीब आधे घंटे तक सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान शिक्षकों ने TET की अनिवार्यता, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ, पुरानी पेंशन, केंद्रीय वेतनमान, राजपत्र में संशोधन तथा B.Ed. ब्रिज कोर्स सहित विभिन्न मुद्दों को विस्तारपूर्वक विधायक के समक्ष रखा।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने मांग की कि 2012 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET से मुक्त किया जाए तथा पदोन्नति में TET की अनिवार्यता समाप्त की जाए। इसके साथ ही प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन सहित समस्त सेवा लाभ प्रदान करने, प्रदेश के शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान का लाभ देने तथा वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग रखी गई।

मोर्चा ने 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में आवश्यक संशोधन करने तथा प्रदेश के शिक्षकों के लिए B.Ed. ब्रिज कोर्स/प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक नीलकंठ टेकाम ने मांगों के निराकरण के लिए शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री एवं शिक्षा मंत्री से मुलाकात कराने की दिशा में पहल करने की बात कही। साथ ही शिक्षकों की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने उम्मीद जताई कि विधायक की पहल से शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण की दिशा में सकारात्मक एवं ठोस निर्णय होगा।

इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक केदार जैन के नेतृत्व में रोशन हिरवानी, अखिलेश रॉय, श्रवण मरकाम, सदाराम चतुर्वेदनी, अमित मंडावी, शुभाऊ नेताम, रामसिंह मरापी, शोऐब अली, दिनेश टेकाम, चन्द्र किशोर सलामे, व्यास साहू, संवारू गावड़े, रामसिंह नेताम, बाबूलाल नाग सहित केशकाल क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here