राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रमुख इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा, कम उपलब्धि वाले इंडिकेटर्स में सुधार के दिए निर्देश
सक्ती : कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रमुख इंडिकेटर्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग (NCD), एचएमआईएस/जननी पोर्टल, पीएमएसएमए, टीबी, लेप्रोसी, सेवा संकल्प अभियान सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं आगामी मौसम को देखते हुए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कम उपलब्धि वाले इंडिकेटर्स की प्रगति में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ऑनलाइन एंट्री को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ओआईसी हेल्थ डिप्टी कलेक्टर श्री प्रितेश राजपूत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक, समस्त नोडल अधिकारी, बी एम ओ, बीपीएम, बीईटीओ , डीडीएम एवं बीडीएम उपस्थित रहे।




