17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे माह चलेगा अभियान, सेवा से सुशासन तक होंगे विविध आयोजन
रक्तदान, स्वच्छता, दीप प्रज्ज्वलन, जनसंवाद, सेवा यात्राएं और योजनाओं का लाभ दिलाने लगेंगे शिविर
मनेन्द्रगढ़ :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से होगी और यह 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सेवा, सामाजिक सरोकार, जनजागरूकता, जनसंवाद और जनभागीदारी से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला कार्यालय एमसीबी में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस बार 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के कारण अभियान को विशेष रूप से एक माह तक चलाने का निर्णय लिया गया है।
गुजरात से शुरू हुआ सफर, अब ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प
मेजर अनिल सिंह ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने जनसेवा की यात्रा शुरू की थी। उनके अनुसार इन 25 वर्षों में गरीब कल्याण, आवास, राशन, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, स्टार्टअप, रक्षा और अंतरिक्ष सहित अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और सम्मान मजबूत हुआ है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इन उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूती दी जाएगी।
‘आशीर्वाद का दिया’ में जगमगाएंगे दीप
अभियान का आगाज 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगा। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत परिवारों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीप जलाए जाएंगे।
वहीं 2 अक्टूबर को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सेवा की कहानी से सेवा सेतु तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा : मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ तथा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के आवेदन लेकर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।
वडनगर से वाराणसी तक युवाओं की सेवा यात्रा
भाजपा युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। यात्रा के दौरान युवा गांवों में चौपाल, आंगनवाड़ी केंद्रों और युवा क्लबों में संवाद करेंगे तथा केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं प्रोफेशनल्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित होगा। वहीं जनप्रतिनिधियों के सम्मान के लिए ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
हर व्यक्ति से 25 मिनट श्रमदान की अपील
मेजर अनिल सिंह ने बताया कि ‘सेवा : मेरा योगदान’ अभियान के तहत लोगों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाते हुए अभियान के माध्यम से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा का जिला संगठन रहा मौजूद
प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, जिला प्रवक्ता जमुना पांडे, जिला उपाध्यक्ष संजय राय एवं राजकुमार बधावन, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण, सोशल मीडिया जिला संयोजक मनोज केशरवानी, कार्यालय प्रभारी रमेश यादव, युवा मोर्चा से अंकित शर्मा, जलील शाह, दिलीप सिंह एवं अजय सिंह सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




