जशपुर और राउरकेला से पुलिस ने पकड़े आरोपी
नागपुर क्षेत्र में लावारिस मिली थीं गांजे से भरी दो स्विफ्ट कारें
पोड़ी/चिरमिरी। थाना पोड़ी अंतर्गत पुलिस चौकी नागपुर क्षेत्र के ग्राम उजियारपुर में लावारिस हालत में मिली दो स्विफ्ट कारों से बरामद 565 किलो गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को जशपुर और एक आरोपी को ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 की रात गश्त के दौरान ग्राम उजियारपुर में दो संदिग्ध स्विफ्ट कारें लावारिस हालत में मिली थीं। वाहनों की तलाशी लेने पर एक कार क्रमांक ओआर-15 आर 8100 से 305 पैकेट में 305 किलो गांजा तथा दूसरी कार क्रमांक सीजी-04 एनसी 1803 से 260 पैकेट में 260 किलो गांजा बरामद हुआ था। दोनों वाहनों से कुल 565 किलो गांजा जब्त किया गया था।
मामले में थाना पोड़ी में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट सहित धारा 2(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए 21 अगस्त 2026 को मो. समीर और सच्चिन्द्र राउत को जशपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को फरार आरोपी देव आशीष को राउरकेला ओडिशा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक आरोपी देव आशीष ने जब्त गांजा लोड स्विफ्ट कार को रास्ते में विलय करने के उद्देश्य से भेजा था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार क्रमांक ओडी-15 एएफ-1645 भी जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में पूर्व थाना प्रभारी पोड़ी ओमप्रकाश दुबे, नवीन थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी सहायक उप निरीक्षक शेषनारायण सिंह सहित मुमताज खान, ललित यादव, सुरेश गौड़, प्रमोद सौतिया और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




