Home Blog सुनील शेट्टी-प्रीति जिंटा से पंकज त्रिपाठी तक, सेंसर बोर्ड की नई टीम...

सुनील शेट्टी-प्रीति जिंटा से पंकज त्रिपाठी तक, सेंसर बोर्ड की नई टीम का हुआ ऐलान, देखें नए सदस्यों की लिस्ट

0

नई दिल्ली: फिल्मों के प्रमाणन और सिनेमाघरों में रिलीज से पहले उनके मूल्यांकन की जिम्मेदारी संभालने वाले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) में अब नई टीम काम करेगी। केंद्र सरकार ने बोर्ड के नए सलाहकार पैनल के लिए 18 सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। नई टीम में भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के कई चर्चित कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े दिग्गजों को शामिल किया गया है।

CBFC के पुनर्गठित सलाहकार बोर्ड में प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, रूपाली गांगुली, पल्लवी जोशी और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। इसके अलावा फिल्ममेकर प्रियदर्शन और ग्रैमी अवॉर्ड विजेता संगीतकार रिकी केज को भी बोर्ड का हिस्सा बनाया गया है।

CBFC की नई टीम में कौन-कौन शामिल?

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के नवनियुक्त सदस्यों में सुनील शेट्टी, प्रियदर्शन, पंकज त्रिपाठी, प्रीति जिंटा, मनोज जोशी, विनोद अनुपम, रिकी केज, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलागड्डा, यतींद्र मिश्रा, रूपाली गांगुली, नील माधव पंडा, प्रोसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे के नाम शामिल हैं।

इस नई टीम में फिल्म, संगीत, टेलीविजन और साहित्य समेत मनोरंजन जगत से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों के चर्चित चेहरों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

इसी साल CBFC को मिला नया चेयरमैन

गौरतलब है कि इसी साल केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड में चेयरमैन पद पर भी बदलाव हुआ था। 3 मई 2026 को केंद्र सरकार ने शशि शेखर वेम्पति को CBFC का नया चेयरमैन नियुक्त किया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।

शशि शेखर वेम्पति ने प्रसून जोशी की जगह ली है। CBFC का चेयरमैन बनाए जाने से पहले वे प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर कार्यरत थे।

क्या करता है CBFC?

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत काम करता है। इसका मुख्य काम फिल्मों के सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले उनका प्रमाणन करना है। बोर्ड सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 और लागू प्रमाणन नियमों एवं सरकारी दिशानिर्देशों के तहत फिल्मों का मूल्यांकन करता है।

फिल्म की विषय-वस्तु और उसके मूल्यांकन के आधार पर CBFC अलग-अलग श्रेणियों में प्रमाणपत्र जारी करता है। इनमें U, UA, A और S प्रमुख श्रेणियां हैं।

U प्रमाणपत्र ऐसी फिल्मों के लिए होता है जिन्हें सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपयुक्त माना जाता है, जबकि UA श्रेणी में उम्र से जुड़ी सावधानी का प्रावधान है। A प्रमाणपत्र वयस्क दर्शकों के लिए और S प्रमाणपत्र किसी विशेष वर्ग के दर्शकों के लिए जारी किया जाता है।

2024 के प्रमाणन नियमों के बाद UA श्रेणी में उम्र के आधार पर नए वर्ग भी जोड़े गए हैं। इनमें UA 7+, UA 13+ और UA 16+ जैसे आयु-आधारित चिह्न शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here