खरोरा : विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश देने के उद्देश्य से पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा में गुरुवार सायं 7:00 बजे “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पालकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ व्याख्याता शाहिना परवीन के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दीपक केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, आशा और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतीक है।
विद्यालय की व्याख्याता संगीता नायक ने विकसित भारत की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
संध्या बेला में विद्यालय परिसर दीपों की मनोहारी आभा से आलोकित हो उठा। विद्यार्थियों ने हाथों में दीप लेकर राष्ट्र की एकता, समृद्धि और प्रगति के लिए सामूहिक संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
उक्त अभियान में व्याख्याता शाहिना परवीन, संगीता नायक, व्यायाम शिक्षक शिक्षक योगेन्द्र त्रिपाठी, सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव, प्रीति ध्रुव, संतोषी वर्मा एवं विद्यालयीन छात्र छात्राएं उपस्थित थे।




