Home छत्तीसगढ़ पुल पर बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर, दो युवक उछलकर गिरे;...

पुल पर बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर, दो युवक उछलकर गिरे; एक की मौत, दूसरा गंभीर

0

अभनपुर :  गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि राजिम से नवापारा की ओर आ रही बाइक को पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में एक युवक पुल से नीचे जा गिरा।

घटना के बाद महानदी पुल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

पीछे से आई पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर ही दूर जा गिरे।

अस्पताल पहुंचने के बाद देवेंद्र की मौत

हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

वहीं हादसे में घायल सुनील जैन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

हादसे के बाद महानदी पुल पर लगा लंबा जाम

भीषण सड़क हादसे के बाद महानदी पुल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

पिकअप चालक भी हुआ अचेत

हादसे के बाद पिकअप चालक के भी अचेत होने की जानकारी सामने आई है। उसे नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और पिकअप दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here