Home छत्तीसगढ़ अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, दो मामलों में 41 लीटर...

अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, दो मामलों में 41 लीटर शराब जब्त

0

महुआ शराब के साथ मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की भी बरामद, एक आरोपी जेल भेजा गया

कोरिया :  जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर रोक्तिमा यादव एवं जिला आबकारी अधिकारी डेविड नारंग के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 41 लीटर शराब जब्त की है। इनमें 14 लीटर महुआ शराब तथा मध्यप्रदेश निर्मित 27 लीटर गोवा व्हिस्की शामिल है।

कोदवारी डांड भाड़ी में 14 लीटर महुआ शराब बरामद

आबकारी विभाग को 23 सितंबर को ग्राम कोदवारी डांड भाड़ी, बैकुण्ठपुर में बड़ी मात्रा में महुआ शराब तैयार कर बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रधिया पति इंद्रपाल (43), निवासी कोदवारी डांड भाड़ी के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी सपना सिन्हा ने की। आरोपी को सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मध्यप्रदेश की 27 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त

इसी अभियान के तहत 24 सितंबर को आबकारी विभाग ने दूसरी कार्रवाई की। टीम ने रमेश कुमार कुर्रे पिता कुमारसाय (30), निवासी जिल्दा, चौकी बचरा पोड़ी, थाना बैकुण्ठपुर के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 27 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

मनपसंद एप से मिलेगी शराब के स्टॉक की जानकारी

आबकारी विभाग ने बताया कि ‘मनपसंद’ एप के माध्यम से छत्तीसगढ़ की मदिरा दुकानों में उपलब्ध देशी एवं विदेशी शराब के स्टॉक, बोतल, अद्धी, पाव सहित उपलब्धता और विक्रय संबंधी जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकती है। एप के जरिए व्हिस्की, रम, जिन, ब्रांडी, वोडका, वाइन, रेडी-टू-ड्रिंक और बीयर सहित विभिन्न श्रेणियों की उपलब्धता की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

विभाग के अनुसार आम नागरिक एप के माध्यम से अवैध शराब, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री तथा मिलावटी शराब से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 14405 एवं व्हाट्सऐप नंबर 9424102102 पर वीडियो अथवा अन्य जानकारी साझा कर अवैध गतिविधियों की सूचना दी जा सकती है।

आबकारी विभाग ने आमजन से अपील की है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here