तीन आरोपी गिरफ्तार, मांस, विद्युत तार, खूंटियां व शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद; एक आरोपी फरार
अनूपपुर : वन परिक्षेत्र बिजुरी अंतर्गत कदमहा बीट के पश्चिम भेड़रीतलैया क्षेत्र में 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से अवैध रूप से करंट फैलाकर जंगली सूअर का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी पवन ताम्रकार के अनुसार, शिकारियों ने जंगली जानवरों का शिकार करने के उद्देश्य से 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर जंगल क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर तक करंट प्रवाहित किया था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से एक जंगली सूअर की मौत हो गई।
शिकार के लिए जंगल में बिछाया करंट का जाल
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने जंगल के अलग-अलग स्थानों पर विद्युत तारों के माध्यम से करंट प्रवाहित करने के लिए खूंटियां लगाई थीं। जंगली सूअर की मौत के बाद आरोपी उसके मांस को पकाकर खाने की तैयारी में थे। बताया गया कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जंगली सूअर की हड्डियों एवं अन्य अवशेषों को जलाने का प्रयास भी किया गया था।
गुप्त सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की। वन परिक्षेत्र अधिकारी पवन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम ने जांच और घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों बैसाखू पाव, महेश यादव एवं अरुण तिग्गा को गिरफ्तार किया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान शिकार में प्रयुक्त विद्युत तार, खूंटियां सहित अन्य सामग्री तथा जंगली सूअर के मांस एवं अवशेष बरामद किए। मामले में आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं संबंधित वन अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
वन विभाग द्वारा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में शिकार के लिए हाईटेंशन विद्युत लाइन से करंट जोड़ने की घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा आगे की जांच भी की जा रही है।




