Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

0

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में प्रतिभागी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

एमसीबी : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज शिक्षा विभाग जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एमसीबी द्वारा जिला स्तरीय भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी की अगुवाई में आयोजित इस गरिमामय समारोह में जिले भर से आए विद्यार्थियों ने चित्रकला पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और वैचारिक स्पष्टता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। समारोह के प्रथम चरण में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कैनवास पर सेवा संकल्प, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सरोकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा उकेरी गई जीवंत एवं संदेशप्रद आकृतियों की अतिथियों ने प्रशंसा की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं सेवा संकल्प का महत्व जैसे विषयों पर अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी, नैतिक कर्तव्य और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के कर कमलों से शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी सहभागी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें प्रोत्साहन प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। इस भव्य एवं गरिमामय आयोजन में मुख्य रूप से कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, एसडीएम लिंगराज सिदार, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, मंडल अध्यक्ष रोहित वर्मा, विधायक प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह, सोशल मीडिया संयोजक मनोज केशरवानी, कार्यवाह (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) नीरज अग्रवाल, पार्षद श्रीमती नीलू जायसवाल, पार्षद श्रीमती सुशीला सिंह, पार्षद जमील शाह, पार्षद अजीमुद्दीन अंसारी, पार्षद सपन महतो, एल्डरमैन अखिलेश मिश्रा एवं एल्डरमैन हीरा रजक की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, एल्डरमैन, पार्षदों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, मीडिया बंधुओं एवं विद्यार्थियों का इस सफल एवं भव्य आयोजन हेतु सहृदय आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here