महासमुंद : शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अपने विद्यार्थी जीवन की पाठशाला में पहुंचकर वे पुरानी यादों में खो गए और छात्राओं से अपने अनुभव साझा किए। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इसी विद्यालय से मिले संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों ने उनके व्यक्तित्व को दिशा दी। छात्राएं समय का महत्व समझें, लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें और नैतिक मूल्यों व संस्कारों को सदैव बनाए रखें। उन्होंने विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे रोपते हुए कहा कि वृक्ष जीवन का आधार और हमारी धरोहर हैं।
बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने सभी से विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।




