लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली बिल की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
महासमुंद : विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधायक कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों और आम जनता को बिजली की परेशानी नहीं होनी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या दूर करने, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने तथा जर्जर तारों को प्राथमिकता से बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को 24 से 48 घंटे के भीतर बदलने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और मेंटेनेंस से पहले उपभोक्ताओं को सूचना देने को कहा।
डॉ. अग्रवाल ने त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर लगाने तथा आंधी-तूफान से टूटे खंभों और तारों की तत्काल मरम्मत के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालय तक सीमित न रहकर फील्ड में सक्रिय रहने और जनप्रतिनिधियों व उपभोक्ताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। बैठक में भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, विधायक निज सचिव नरेंद्र बोरे, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एन.के. आदित्य, टी.आर. गजभिये, राकेश बारिक, एम.के. सागर सहित कनिष्ठ अभियंता गुननिधि सिंह राठिया, धीरज देवांगन, ठनेक सिंह, अंकित भोई, दुलेश्वर दीवान और देवेश सिंह राजपूत सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




