Home छत्तीसगढ़ केल्हारी बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 3 यात्री...

केल्हारी बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 3 यात्री बसें जब्त

0

केल्हारी बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 3 यात्री बसें जब्त

यात्री बसों की सघन जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 4 बसों पर 11 हजार रुपये का जुर्माना, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई के निर्देश

एमसीबी :  जिले के थाना केल्हारी क्षेत्र अंतर्गत 22 अक्टूबर 2026 को हुई यात्री बस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने यात्री बसों के विरुद्ध सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर आज 23 अक्टूबर को परिवहन उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम एवं संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 3 यात्री बसों को जब्त किया गया, वहीं 4 अन्य बसों के विरुद्ध कुल 11 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

बसों के फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की विशेष जांच
केल्हारी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना के मद्देनजर परिवहन विभाग द्वारा यात्री वाहनों की तकनीकी स्थिति एवं आवश्यक दस्तावेजों की विशेष जांच की जा रही है। अभियान के अंतर्गत बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वाहनों की तकनीकी स्थिति, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग सहित यात्री सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी ने सभी यात्री बस संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहनों के समस्त आवश्यक दस्तावेज अद्यतन एवं वैध रखें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिना वैध फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के यात्री बसों का संचालन पाए जाने अथवा सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता, जांच अभियान रहेगा जारी
परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यात्री बसों की नियमित जांच एवं निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग ने बस संचालकों को वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने, निर्धारित क्षमता के अनुरूप यात्रियों को बैठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यात्री बसों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से परिवहन विभाग का सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here