Home छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा में संदिग्ध परिस्थितियों में दो मौतें, शराब पीने के बाद बिगड़ी...

जांजगीर-चांपा में संदिग्ध परिस्थितियों में दो मौतें, शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबीयत

0

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में बीएसपी पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने शुक्रवार रात अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। इसके कुछ देर बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान पार्षद समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौतों की वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुराने अस्पताल परिसर में चार दोस्तों ने पी थी शराब

जानकारी के मुताबिक, मामला पामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र का है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे राम खिलावन जांगड़े, जोहित खरे और उनके दो अन्य साथियों ने पुराने अस्पताल परिसर में शराब पी थी। इसके कुछ समय बाद चार में से तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

हालत खराब होने पर राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से दोनों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

सिम्स और अपोलो अस्पताल में हुई मौत

बिलासपुर में इलाज के दौरान राम खिलावन जांगड़े की सिम्स अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, जोहित खरे ने अपोलो अस्पताल में दम तोड़ दिया।

घटना में प्रभावित तीसरे युवक को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जहरीली शराब की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह

शराब पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और दो लोगों की मौत होने के कारण शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौतों की वजह शराब में मिलावट थी या कोई अन्य कारण।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here