लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को किया याद, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश; एसपी प्रफुल्ल ठाकुर की पहल पर हुआ आयोजन
सक्ती : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सक्ती जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की पहल पर नगर के नवीन पुलिस जनसंवाद कक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जयंती समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों एवं पत्रकारों ने एक साथ देखा और सुना।
प्रसारित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। देश की स्वतंत्रता के बाद 550 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आज भी उनके महान व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।
कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, राष्ट्रीय एकता, कृषि परंपरा और युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
सक्ती के नवीन पुलिस जनसंवाद कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, भाजपा प्रदेश प्रतिनिधि विद्या सिद्धार, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, सुमित शर्मा, शुभम अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, रामनारायण गौतम , रमेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की पहल पर तैयार नवीन पुलिस जनसंवाद कक्ष में राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण कर नागरिकों को देश के महान नेताओं के योगदान से जोड़ने का प्रयास किया गया। यह जनसंवाद कक्ष पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बनने के साथ ही सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों के लिए भी उपयोगी साबित हो रहा है।





