सक्ती/डभरा (चंद्रपुर) : भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत शनिवार को चंद्रपुर विधानसभा के डभरा में विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 60-70 वर्षों तक सत्ता का सुख भोगने वाली कांग्रेस आज सत्ता से बाहर होकर तड़प रही है और देश में अराजकता व भ्रम फैला रही है।
उपासने ने कहा कि जिस कांग्रेस ने अपनी सत्ता बचाने के लिए सैकड़ों बार संविधान में संशोधन किए, मतपेटियों की हेराफेरी की और शासकीय तंत्र का दुरुपयोग किया, वही आज वोट चोरी और लोकतंत्र खतरे में होने का झूठा प्रचार कर रही है। 1974 के रायबरेली चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चुनावी धांधली और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के प्रमाण मिलने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित कर 6 वर्ष के लिए अयोग्य ठहराया था। राहुल गांधी को आरोप लगाने से पहले अपनी दादी का इतिहास पढ़ना चाहिए।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) पर विपक्ष के विरोध का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की पारदर्शी और नियमित प्रक्रिया है, जो कांग्रेस के शासनकाल में भी होती रही है। इससे मृत, पलायन कर चुके और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं और 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को जोड़ा जाता है। बंगाल सहित कई राज्यों में इसका विरोध इसलिए हो रहा है क्योंकि अवैध घुसपैठिए और बोगस मतदाताओं के नाम कटने से उनकी चोरी पकड़ी जा रही है।
श्री उपासने ने कहा कि मोदी सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को तीन सदस्यीय कमेटी के माध्यम से पूर्णतः पारदर्शी बनाया है, जबकि कांग्रेस के समय केवल प्रधानमंत्री की मर्जी से नियुक्तियां होती थीं। कांग्रेस जीतती है तो EVM और वोटर लिस्ट सही लगती है, हारते ही बैलेट पेपर की मांग करने लगती है। हाल ही में 28 विधान परिषद सीटों पर बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस को करारी हार मिली।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बलिदानों से भाजपा शून्य से शिखर तक पहुंची है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है और सेना स्वदेशी हथियारों से सशक्त हो रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल रा जिला महामंत्री दीपक अग्रवाल, पीतांबर पटेल जनपद अध्यक्ष मालखरौदा कवि वर्मा, रामनारायण पटेल, कृष्णचंद्र चौधरी सहित रायपुर से राजकुमार यादव, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




