Home छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में सजेगी सुरों और संस्कृति की महफिल, राहुल ठाकुर, गुरशीत कौर...

राज्योत्सव में सजेगी सुरों और संस्कृति की महफिल, राहुल ठाकुर, गुरशीत कौर सहित नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति

0

2 नवंबर को मनेन्द्रगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय आयोजन, सितार वादन से लेकर छत्तीसगढ़ी लोककला तक दिखेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में आयोजित होने जा रहा जिला स्तरीय राज्योत्सव इस बार संगीत, कला और संस्कृति के अनूठे संगम का गवाह बनेगा। समारोह में देश और प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और जिलेवासियों में उत्साह का माहौल है।

राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे से स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड, मनेन्द्रगढ़ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग शुरुआत होगी। इस दौरान प्रसिद्ध गायक राहुल ठाकुर एंड बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर करेंगे। वहीं मुंबई की प्रसिद्ध गायिका गुरशीत कौर एंड ग्रुप अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक संगीत प्रस्तुति से समारोह में चार चांद लगाएंगी।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण प्रसिद्ध सितार वादक दामिनी पुरी की प्रस्तुति भी होगी। उनके सितार के मधुर सुर भारतीय शास्त्रीय संगीत की मनमोहक छटा बिखेरेंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच प्रदान करते हुए प्रसिद्ध लोक कलाकार रामजीत लकड़ा (भगत बाबू) एवं उनका ग्रुप पारंपरिक लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू से रूबरू कराएंगे।

इस प्रकार राज्योत्सव के मंच पर आधुनिक संगीत, गायन, भारतीय शास्त्रीय वादन और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य राज्य की स्थापना के गौरवशाली सफर को याद करने के साथ ही प्रदेश की कला, संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।

जिला स्तरीय राज्योत्सव में जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को यादगार बनाने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here