Home छत्तीसगढ़ अलास्का पब्लिक स्कूल में सजा हैलोवीन कार्निवल का रंगारंग मंच, नन्हे सितारों...

अलास्का पब्लिक स्कूल में सजा हैलोवीन कार्निवल का रंगारंग मंच, नन्हे सितारों ने बिखेरा प्रतिभा का जादू

0

जादूगर, सुपरहीरो और फैंटेसी किरदारों में नजर आए विद्यार्थी, कैरेक्टर वॉक और म्यूजिकल डांस ने मोहा मन

मनेन्द्रगढ़। अलास्का पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के रंगों से सराबोर ‘हैलोवीन कार्निवल’ का भव्य आयोजन किया गया। अनूठी वेशभूषा, आकर्षक प्रस्तुतियों और बच्चों के शानदार आत्मविश्वास ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी कल्पनाशीलता, अभिनय क्षमता और छिपी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्निवल के दौरान स्कूल परिसर रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक किरदारों से गुलजार रहा। किसी ने जादूगर का रूप धारण किया तो कोई सुपरहीरो, वैज्ञानिक, पिशाच और लोकप्रिय फैंटेसी पात्रों के रूप में नजर आया। बच्चों की अनूठी वेशभूषा और मनमोहक अंदाज ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खास बात यह रही कि शिक्षकों ने भी विभिन्न रूप धारण कर बच्चों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘कैरेक्टर वॉक एवं डायलॉग प्रेजेंटेशन’ रहा, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने किरदारों को जीवंत किया। संवाद अदायगी और अभिनय के दौरान बच्चों की प्रतिभा देखते ही बनी। इसके अलावा मिस्ट्री गेम्स और म्यूजिकल डांस प्रस्तुतियों ने आयोजन में मनोरंजन और रोमांच का नया रंग भर दिया।

डर पर जीत और आत्मविश्वास बढ़ाने का संदेश

आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ उनके भीतर छिपी झिझक और काल्पनिक डर को दूर करना तथा आत्मविश्वास, साहस और तार्किक सोच विकसित करना रहा। शिक्षकों ने बच्चों को संदेश दिया कि डर पर सकारात्मक सोच, ज्ञान और आत्मविश्वास के माध्यम से विजय प्राप्त की जा सकती है। इस तरह कार्निवल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने का एक प्रभावी मंच भी बना।

समूचा आयोजन स्कूल संचालक मो. फिरोज मंसूरी एवं कोऑर्डिनेटर ऋचा गुप्ता के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिल-जुलकर कार्य करने की भावना विकसित करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here