Home छत्तीसगढ़ जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 90 घंटे के ‘कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स’...

जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 90 घंटे के ‘कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स’ का शुभारंभ

0

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद,:- उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद में जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 90 घंटे के कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स (CEC – Communicative English Course) का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. तलवरे के करकमलों से माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर नवीन कन्या महाविद्यालय, गरियाबंद के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जी.एस. दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के संयोजक श्रीमती दीपशिखा टोप्पो सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य से अवगत कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर के तलवरे ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति झिझक को दूर करना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा संप्रेषण कौशल को बेहतर बनाना है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. जी.एस. दास ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार एवं भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों का सामना करने के लिए अंग्रेजी भाषा का ज्ञान एवं संप्रेषण कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस पाठ्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित रूप से कक्षाओं में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने यह भी संदेश दिया कि अंग्रेजी सीखने का अर्थ अपनी मातृभाषा अथवा स्थानीय भाषा को छोड़ना नहीं है, बल्कि अपनी भाषा और संस्कृति का सम्मान करते हुए एक नई भाषा एवं कौशल को आत्मसात करना है।

यह 90 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के भाषा ज्ञान, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर डॉ. नीलाम्बर पटेल, डॉ. खुशी देवांगन, भेषण लाल, भावेश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here