
बिलासपुर : बिलासपुर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अपोलो चौक से रपटा पुल तक 80 फीट चौड़ी सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत निगम ने पहले चरण में अपोलो चौक और लिंगीयाडीह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 300 से अधिक अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।
परियोजना का अगला चरण मानसी लॉज से चिंगराजपारा होते हुए रपटा पुल तक निर्धारित किया गया है, जहां मंगलवार को निगम की भवन शाखा की टीम ने नापजोख की कार्रवाई शुरू कर दी। सड़क निर्माण के लिए चिन्हित क्षेत्र में आने वाले मकानों, दुकानों और स्थायी संरचनाओं की माप-जोख कर यह तय किया जा रहा है कि कौन-से निर्माण वैध हैं और कौन-से अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं। इस प्रक्रिया में निगम की टीम ने संबंधित भवन मालिकों और व्यवसायियों से उनके संपत्ति के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे, उनके निर्माण को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।



