
नई दिल्ली: भारत में मई के महीने में आमतौर पर भीषण गर्मी देखने को मिलती है. इस बार अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया है. कहीं तेज बारिश, कहीं तूफानी हवाएं और कहीं हीटवेव… इस असमानता की वजह क्या है? एक बड़ा सिग्नल भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा चेतावनियों में छिपा है.
केरल में मानसून की दस्तक जल्द:- IMD के अनुसार, केरल में अगले 2-3 दिनों में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. यानी मानसून इस साल समय से पहले दस्तक दे सकता है, जो खेती के लिहाज से राहत की खबर है.
क्यों अहम है यह बदलाव:- एक ओर जहां कुछ इलाकों में मानसून की संभावित एंट्री राहत की खबर है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भारत में हीटवेव ने चिंता बढ़ा दी है. अचानक मौसम में बदलाव किसानों, मजदूरों, यात्रियों और समुद्री गतिविधियों पर असर डाल सकता है. बिजली गिरने, बाढ़ और तूफान से जान-माल का खतरा बना रहेगा.



