उत्तर भारत को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम में तब्दीली आने से कई राज्यों में बादल छाने और बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, वीकेंड से दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं यानी आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने के संकेत भी हैं। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे रुकने से परहेज करें। उधर, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मौसमी गतिविधियां शुरू हो गई हैं, खासकर जम्मू-कश्मीर के लिए सप्ताह भर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी कल का मौसम:- उत्तर प्रदेश में मौसम बदलाव की ओर बढ़ने को तैयार है। फिलहाल, गर्मी से हालत खराब है, लेकिन 15 से 16 जून तक आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ बौछारें गिरने के संकेत हैं। आईएमडी ने भी 16 और 17 जून को अधिकांश भागों में बादल छाए रहने के साथ गरज चमक और हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, राहत की उम्मीद के बीच भी गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी है। बारिश के बाद भी अधिकतम तापमान में कुछ खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम:- दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और हीटवेव से अब राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी क्षेत्र में जारी गर्मी का ऑरेंज अलर्ट अब समाप्त हो गया है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने 14 जून से लेकर 20 जून तक एनसीआर क्षेत्र में गरज चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई है। 15, 16, 17 जून को आसमान में बादल छाए रहने के मध्यम बारिश का अलर्ट जारी है। फिलहाल, 40 डिग्री से ऊपर दर्ज तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। 19 और 20 जून को थंडरशॉवर की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद 25 जून तक मानसून भी एंट्री लेगा, जिससे बारिश का दौर शुरू होगा और गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट:- राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में शनिवार से मानसून पूर्व बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसके प्रभाव से उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बादल गरजने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। राज्य में आंधी बारिश की गतिविधियां 20 जून से तक जारी रहेंगी। आंधी बारिश के असर से 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को कई दिनों से जारी प्रचंड गर्मी से राहत मिल सकती है।
मुंबई में बारिश का अलर्ट:- मुंबई में मौसम की मार जारी है। आईएमडी ने अगले 5 से 6 दिन लगभग 200 मिमी. बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। अनुमान है कि आधे महीने में जून की बारिश का कोटा पूरा हो जाएगा। बीएमसी को भारी बारिश से निपटने के लिए बड़ी व्यवस्थाएं करनी होंगी। उधर, पुणे समेत महाराष्ट्र के अधिकतर जिलों में मानसून के एंट्री के संकेत मिल रहे हैं, जिससे अब भारी बारिश का दौर शुरू होगा, जिससे तापमान में और कमी आएगी।



