संभल: उत्तर प्रदेश के संभल से सड़क हादसे की एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां शादी की खुशी उस वक्त मातम में तब्दील हो गई, जब दूल्हे की कार कॉलेज की दिवार से जा टकराई। इस हादसे में दूल्हे सहित 8 लोगों की मौत हो गई है। दो लोग घायल है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शोक व्यक्त किया है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों के परिजनों को 50 हजार देने का ऐलान किया है।
मातम में बदली शादी की खुशी
यह घटना गुन्नौर तहसील के जुनावाई थाना क्षेत्र में हुआ है। बताया जा रहा है कि गोविंदपुर के रहने वाले मृतक सूरज पाल की शादी बदांयू के सिरसौल गांव की रहने वाली एक लड़की के साथ तय हुई थी। शुक्रवार की शाम वह बारात लेकर सिरसौल गांव जा रहा था। उसकी कार में परिवार के 10 लोग सवार थे। घटना के समय दुल्हें की कार बारात से पीछे चल रही थी और जल्दी पहुंचने के लिए ड्राइवर ने जैसे की कार की रफ्तार बढ़ाई तो कार अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दरवाजे को काटकर निकाले गए घायल-मृतक
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे को काटकर घायल और मृतकों को बाहर निकाला। इस हादसे में दूल्हे और उसकी भाभी समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दूल्हा सूरज पाल (24), बहन कोमल (14), आशा (26), ऐश्वर्या (2), सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20), गणेश (6) और ड्राइवर रवि (28) शामिल है। वहीं घायलों में देवा (24) और हिमांशी (3) शामिल है।



