
23 जुलाई 2025:- एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा अपराधों की रोकथाम और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय, के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर और रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन, तथा एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान के पर्यवेक्षण में निरीक्षक विजय पटेल के नेतृत्व में गीदम पुलिस ने युवती से बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 16 जुलाई 2025 को पीड़िता के पिता ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और साइबर लोकेशन के आधार पर युवती की लोकेशन हरियाणा के पानीपत में मिली। गीदम पुलिस की एक विशेष टीम ने पानीपत पहुंचकर युवती को बरामद किया और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी दिनेश राजपूत (उम्र 27 वर्ष, निवासी विराट नगर, नेपाल) को हिरासत में लिया।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि 12 जुलाई 2025 को आरोपी ने उसे एक केस में गवाही के बहाने वारंगल ले जाकर एक लॉज में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 13 जुलाई को उसे दिल्ली घुमाने के बाद पानीपत ले गया, जहां रेलवे स्टेशन के पास एक लॉज में फिर से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने किसी तरह बचकर अपने चाचा को घटना की जानकारी दी और पानीपत सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। गीदम पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस कार्यवाही में सउनि अनिल कुमार ध्रुवे, सउनि आरती दीवाकर, प्र.आर. क्र. 378 रोहित कुर्रे, म.आर. क्र. 96 प्रियंका यादव, म.आर. क्र. 573 रेखा वर्मा और म.डीएसएफ आर. 3042 ज्योति बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



