मुंगेली : ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में शिक्षा के स्तर को ऊँचाई पर ले जाने और बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक शासकीय प्राथमिक शाला एवं हाई स्कूल परिसर में सम्पन्न हुई, जिसमें सरपंच, उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य आकर्षण प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। विद्यालय की कु. नेहा साहू ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल का गौरव बढ़ाया, वहीं कु. अमीसा साहू ने कक्षा 8वीं में 87 प्रतिशत अंक लाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन दोनों छात्राओं सहित अन्य मेधावी बच्चों को सरपंच श्री नारायण साहू एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, कॉपी, पेन, मेडल व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान सरपंच ने अपने संबोधन में कहा कि “गाँव का भविष्य बच्चों की शिक्षा पर निर्भर करता है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि शिक्षा का स्तर लगातार ऊँचा हो। इसके लिए शिक्षकों और अभिभावकों को मिलकर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने और पढ़ाई में रुचि पैदा करने के प्रयास करने होंगे। पंचायत की ओर से विद्यार्थियों को शासन की सभी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में कोई भी कमी नहीं रहने दी जाएगी। प्राथमिक स्तर से लेकर उच्च माध्यमिक तक सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर शिक्षकों ने भी अपनी बात रखी और विद्यालय की आवश्यकताओं, सुविधाओं तथा बच्चों की पढ़ाई से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। पंचायत और शिक्षकों ने मिलकर यह निर्णय लिया कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सरोज बलराम, उप सरपंच श्री भीखम अनंत, पंचायत प्रतिनिधि मुकेश, अशोक, मनोज, नरेंद्र टोण्डे, देव कुमार साहू, दीपक राम सहित सभी शिक्षकगण मौजूद रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से बच्चों में आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति लगन बढ़ती है। वहीं पंचायत और शिक्षकों का साझा प्रयास शिक्षा की दिशा में सकारात्मक परिणाम अवश्य देगा।



