
इस बार त्योहारों पर अगर कोई अपने घर जाने के लिए ट्रेन से सफर करने के बारे में सोच रहा है तो उसे कोई परेशानी नहीं होने वाली है. रेलवे बोर्ड ने 21 सितंबर से 30 नवंबर तक 150 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है. बकायदा इसके लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है. ये ट्रेनें फेस्टिव सीजन में पैसेंजर्स की भीड़ को संभालने का काम करेंगी. इसके लिए ये ट्रेनें पूरे सीजन में कुल 2,024 फेरे लगाएंगी. हाल ही में रेल मंत्रालय की ओर से 12 हजार स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया गया है. जिसकी पहली खेप 150 ट्रेनों के रूप में सामने आई है. आने वाले दिनों में और स्पेशल ट्रेनों का ऐलान हो सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर रेलवे की ओर से इन ट्रेनों को लेकर किस तरह की जानकारी सामने रखी है.
रेल मंत्रालय का 12 हजार स्पेशल ट्रेनों का ऐलान:- रेल मंत्रालय ने हाल ही में त्योहारी सीजन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से 12,000 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है और अधिकारियों ने बताया कि यह स्पेशल ट्रेनों की पहली खेप है जिसकी अधिसूचना जारी की गई है. अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की यात्रा संबंधी जरूरतों को देखते हुए आने वाले दिनों में और ट्रेनों की अधिसूचना जारी की जाएगी. इसका मतलब है कि आने वाले महीनों में यात्रियों के लिए और स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया जा सकता है. बीते कुछ सालों में रेलवे पैसेंजर्स की संख्या में काफी इजाफा देखने को मिला है. जिसकी वजह से रेलवे स्टेशनों पर काफी भीड़भाड़ देखी गई है. कुंभ मेले के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी थी. ऐसा हादसा फिर से ना हो, इसके भी पूरे इंतजाम रेलवे की ओर से किए जा रहे हैं.



