
मुंगेली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत झूलेलाल धाम सभागार में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं। मोदी जी ने भारत के स्वाभिमान को नई ऊँचाई दी है। स्वच्छता अभियान, 12 करोड़ से अधिक शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन खाते और किसानों के सम्मान जैसे कार्यों से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। श्रीराम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने, नोटबंदी और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों से देश का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत आर्थिक दृष्टि से 10वें स्थान पर था, आज चौथे स्थान पर है और मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा।
इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के नागरिकों को रोटी, मकान और स्वास्थ्य की चिंता से मुक्त करने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। वहीं पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि मोदी जी ने 2014 के बाद विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है और करोड़ों भक्तों की आस्था को श्रीराम मंदिर निर्माण से साकार किया है। वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रदेश पदाधिकारी डी.के. सोलंकी ने कहा कि मोदी सरकार में देश चौथी आर्थिक शक्ति बना है और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की विशेष चिंता की जा रही है।जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और सकारात्मक परिवर्तन की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुँचानी होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। संचालन सेवा पखवाड़ा जिला प्रभारी विनय साहू ने तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, पूर्व मंत्री गिरीश शुक्ला, शैलेश पाठक, जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा, जिला शह संयोजक व भाजपा प्रवक्ता भागीरथी यादव, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



